जौनपुर : पुलिस ने अपराधी के जिला बदर आदेश का कराया अनुपालन, मुनादी कर दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : पुलिस ने अपराधी के जिला बदर आदेश का कराया अनुपालन, मुनादी कर दी चेतावनी


जौनपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर बरसठी पुलिस ने मंगलवार को एक अपराधी को जिला बदर की कार्रवाई का अनुपालन कराया।

बरसठी थाना क्षेत्र के हंसिया गांव निवासी राहुल बिंद पुत्र लाल चंद बिंद को जिला प्रशासन के आदेश पर तीन माह के लिए जौनपुर की सीमा से जिला बदर किया गया है। मंगलवार को बरसठी पुलिस उसके निवास स्थान पर पहुंची और गांव में विधिवत मुनादी कराकर जिला बदर आदेश की जानकारी दी।

पुलिस ने राहुल बिंद और उसके परिजनों को जिला बदर आदेश की शर्तों से अवगत कराया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि में जिले की सीमा में पाए जाने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, जिला बदर आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीम द्वारा समय-समय पर सत्यापन भी किया जाएगा।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। जिला बदर किए गए व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी पुलिस लगातार नजर रख रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story