बरसाना : राधारानी के दरबार में नतमस्तक हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली, सपत्नीक की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
बरसाना : राधारानी के दरबार में नतमस्तक हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली, सपत्नीक की पूजा-अर्चना


मथुरा, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली सोमवार को अपनी दो दिवसीय ब्रज यात्रा के दौरान विश्व प्रसिद्ध श्री राधारानी मंदिर पहुंचे। यहाँ उन्होंने अपनी पत्नी के साथ पूरी विधि-विधान से लाडली जी के दर्शन किए और ब्रजभानुलली का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन और स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।

मुख्य न्यायाधीश वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत ठीक राजभोग आरती के समय मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर के सेवायत पुजारी मधुमंगल गोस्वामी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनकी विशेष पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने श्रीजी के चरणों में पुष्पमाला एवं भोग प्रसाद अर्पित किया। दर्शन करने के बाद उन्होंने गर्भगृह की चौखट पर पहुंचकर देहरी पूजन किया और लाडली जी की इत्र सेवा भी की।

दर्शन के उपरांत मंदिर के रिसीवर डॉ. यज्ञ पुरुष गोस्वामी एवं मधुमंगल गोस्वामी ने मुख्य न्यायाधीश को श्रीजी का प्रसादी थाल और स्मृति चिह्न भेंट किया। वहीं, रिसीवर आशीष कृष्ण गोस्वामी ने उन्हें राधारानी की प्रसादी चुनरी ओढ़ाकर और बुके देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही मंदिर के रिसीवर सुशील गोस्वामी ने मुख्य न्यायाधीश को बरसाना मंदिर के गौरवशाली इतिहास, इसके धार्मिक महत्व और पौराणिक परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य न्यायाधीश की इस धार्मिक यात्रा के दौरान जिला जज मथुरा विकास कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) नितिन कुमार, सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रत्युष मिश्रा एवं मंजीत सिंह सिरोही। जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी/एडीएम नन्द प्रकाश मौर्य तथा एसडीएम गोवर्धन सुशील सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य न्यायाधीश के आगमन और दर्शन के दौरान पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story