गजरौला से लेकर मुरादाबाद तक 50 किलोमीटर के दायरे में लगाए गए दस बैरियर

WhatsApp Channel Join Now
गजरौला से लेकर मुरादाबाद तक 50 किलोमीटर के दायरे में लगाए गए दस बैरियर


मुरादाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। सड़क हादसे रोकने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गजरौला से लेकर मुरादाबाद तक 50 किमी के दायरे में दस बैरियर लगा दिए हैं। जांच के दौरान पाया गया कि हाईवे पर प्रमुख संस्थानों के सामने लोग अवैध ढंग से सड़क पार करते हैं। इसी कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।

एनएचएआई के स्थानीय प्रबंधक जयवर्धन ने बताया कि सड़क हादसों को देखने के लिए मुरादाबाद से गजरौला तक हाईवे पर अवैध कट को लेकर सर्वे कराया गया था। जांच में पाया गया कि दोपहिया वाहन सवार अधिक संख्या में शॉर्टकट के चक्कर में हाईवे पार करने के लिए अवैध कट लगा रहे हैं।

जयवर्धन ने आगे बताया कि चिह्नित दस स्थानों पर बैरियर लगाने का निर्णय लिया गया। इन स्थानों में जोया, वेंक्टेश्वरा यूनिवर्सिटी, टीएमयू के सामने, सीएल गुप्ता फैक्टरी, चौधरपुर सहित अन्य स्थान शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब लोग संभल कर चलेंगे और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story