जिलाधिकारी ने आईटीआई का किया औचक निरीक्षण, कार्मिकों को देरी पर दी चेतावनी
बाराबंकी, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शासकीय संस्थानों में अनुशासन व गुणवत्ता के लिए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार सुबह राजकीय आईटीआई जहांगीराबाद का औचक निरीक्षण किया। उपस्थिति रजिस्टर व बायोमेट्रिक हाजिरी जांच में समयपालन की गंभीर अनियमितताएं मिलीं।
नोडल प्रधानाचार्य आशुतोष सिंह सहित आईटीआई बाराबंकी, बनीकोडर व सिरौलीगौसपुर के 40 से अधिक कार्मिक देर से पहुंचे मिले। डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी से तत्काल स्पष्टीकरण मांगकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्य में समयपालन व जवाबदेही जरूरी है। शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण में प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति भी कम मिली। डीएम ने छात्रों की नियमित हाजिरी सुनिश्चित कराने व प्रशिक्षण को प्रभावी, व्यावहारिक व रोजगारोन्मुख बनाने को कहा।
डीएम ने परिसर का भ्रमण कर टाटा मोटर्स प्रशिक्षण केंद्र भी देखा। उद्योग-समन्वित प्रशिक्षण मजबूत करने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग व गुणवत्ता सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास संस्थान युवाओं के भविष्य की आधारशिला हैं। यहां अनुशासन व परिणामपरक प्रशिक्षण जरूरी है।
डीएम ने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध व मानक अनुरूप दुरुस्त कराने को कहा, ताकि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण व रोजगार मिले। निरीक्षण में प्रशिक्षु आईएएस विद्यांशु शेखर झा भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

