मावा केक काट मनाया बांकेबिहारी का जन्मोत्सव, मंगला आरती के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
मावा केक काट मनाया बांकेबिहारी का जन्मोत्सव, मंगला आरती के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु


मथुरा, 05 सितम्बर(हि.स.)। धर्मनगरी वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मध्यरात्रि से लेकर भोर तक पूरा शहर बांकेबिहारी लाल की जय और राधे-राधे के जयकारों से गुंजायमान रहा।

श्रीबांकेबिहारी मंदिर में मध्यरात्रि ठाकुरजी का जन्माभिषेक पर्दे की ओट में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। दूध, दही, घी, शहद, यमुनाजल, इत्र और औषधीय द्रव्यों से अभिषेक के बाद ठाकुरजी को रत्नों से जड़ी पोशाक धारण कराई गई। सेवायतों ने 21 किलो मावा का केक काटकर जन्मोत्सव की खुशियां बांटीं और पंजीरी व मेवों का भोग लगाया।

रात करीब 1ः55 बजे चांदी की आरती शुरू होते ही मंदिर परिसर भक्तिभाव में डूब गया। मंगला आरती के बाद ठाकुरजी को जगमोहन में चांदी के सिंहासन पर विराजमान कराया गया, जिसके अलौकिक दर्शन पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। सुरक्षा के मद्देनजर 600 श्रद्धालुओं को ही पास के जरिए मंदिर में प्रवेश दिया गया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी की पहल पर पहली बार मंगला आरती का लाइव प्रसारण किया गया, जिससे बाहर होल्डिंग एरिया में मौजूद हजारों भक्तों ने स्क्रीन पर दर्शन किए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने खुद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। शनिवार सुबह पांच बजे तक मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खुले रहे, जहां देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सांवरे सरकार के समक्ष माथा टेककर मनोकामनाएं मांगीं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story