बांके बिहारी मंदिर ने नाम 02 और संपत्तियों की हुई रजिस्ट्रीं, अब तक कुल 19 बैनामे

WhatsApp Channel Join Now
बांके बिहारी मंदिर ने नाम 02 और संपत्तियों की हुई रजिस्ट्रीं, अब तक कुल 19 बैनामे


मथुरा, 27 मई (हि.स.)। वृंदावन के ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर के पास जनसुविधाओं के विकास के लिए दो और भवनों की रजिस्ट्री बुधवार देरसायं विधिक रूप से संपन्न हो गई है।

जंगल कट्टी मोहल्ला के भवन संख्या 265 (35 वर्ग मीटर) और भवन संख्या 266 (168.66 वर्ग मीटर) के स्वामियों शरद बिहारी, शशि बाबू गौड़, रवि भूषण गौड़ और सुभाष गौड़ (पुत्रगण खिलन बिहारी गौड़) ने कुल 203.66 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्रीबांके बिहारी जी (देवता) के नाम की। मंदिर क्षेत्र में अब तक कुल 19 बैनामे हो चुके हैं, जिसके तहत लगभग 2034.78 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की रजिस्ट्री की जा चुकी है। यह प्रक्रिया जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित निवासियों को पर्याप्त मुआवजा, दुकान के बदले दुकान, एमवीडीए द्वारा सुनरख व रुकमणि विहार में फ्लैट और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के प्रोजेक्ट्स में प्लॉट आवंटित किए जा रहे हैं। इसमें पहले आओ, पहले पाओ नीति अपनाई जा रही है। मंदिर के पास श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षित वातावरण और सुगम प्रवेश-निकासी द्वार बनाए जाएंगे, जिससे संकरी गलियों में भीड़ का दबाव कम होगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह पूरी प्रक्रिया सर्वाेच्च न्यायालय के आदेश पर गठित कमेटी की देखरेख में हो रही है, जिसमें अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार जी (इलाहाबाद हाई कोर्ट), और सदस्यगणों में सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्रा, जिला जज मथुरा विकास कुमार, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश और विप्रा उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन जी शामिल हैैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story