बांकेबिहारी मंदिर: भाई दूज पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गलियों तक लगी भक्तों की लंबी कतार

WhatsApp Channel Join Now
बांकेबिहारी मंदिर: भाई दूज पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गलियों तक लगी भक्तों की लंबी कतार


मथुरा, 11 नवम्बर (हि.स.)। भाई दूज के पावन अवसर पर वृंदावन के विश्वप्रसिद्ध श्रीबांकेबिहारी मंदिर में बुधवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दिवाली के तीसरे दिन भी भक्तों के उत्साह और संख्या में कोई कमी देखने को नहीं मिली, जिसके चलते सुबह से ही मंदिर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों और गलियों में लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

श्रद्धालुओं की इस अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। हालात यह रहे कि भारी भीड़ के कारण सुरक्षाकर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जगह-जगह होल्डिंग एरिया बनाए। सुरक्षा घेरे और रस्सियों के सहारे श्रद्धालुओं को रोक-रोककर चरणबद्ध तरीके से मंदिर की ओर रवाना किया गया।

श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने जानकारी दी कि कार्तिक मास का विशेष महत्व होने और त्योहारों की लगातार छुट्टियों के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि पूरे कार्तिक माह में मंदिर में भक्तों की ऐसी ही भारी भीड़ बने रहने की पूरी संभावना है।

दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुलभता से दर्शन प्राप्त हो सकें और उनकी सुरक्षा पुख्ता रहे, इसके लिए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन लगातार भीड़ नियंत्रण पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story