बांके बिहारी मंदिर में ताला लगाने से भक्तों में आक्रोश, मुकदमा लिखाने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
बांके बिहारी मंदिर में ताला लगाने से भक्तों में आक्रोश, मुकदमा लिखाने की तैयारी


हमीरपुर, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे के धार्मिक स्थल विरक्त आश्रम प्रांगण के बांके बिहारी मंदिर में 04 जून की शाम तपोभूमी कमेटी अध्यक्ष के इशारे पर भजन कीर्तन भंडारे कार्यक्रम स्थगित कराकर मंदिर में ताला डाल देने से भक्तों में आक्रोश पनप गया।

शुक्रवार को आधा सैकड़ा से अधिक लोगों ने बाकी बिहारी मंदिर प्रांगण में एकत्र होकर कमेटी अध्यक्ष के प्रति गुस्से का इजहार किया और ऐलान किया कि अगर मंदिर का ताला नहीं खोला गया तो वह कमेटी के अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। ब्रह्मलिन संत रोटीराम महाराज नागा स्वामी जी की समाधि के बगल में बांके बिहारी मंदिर बना है। इस मंदिर में प्रतिदिन भजन कीर्तन के साथ भंडारे का आयोजन होता है। जिसमें सैकड़ों लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं।

बांके बिहारी मंदिर से जुड़े अजय द्विवेदी, पंकज शिवहरे, लाल जी निगम, ओमप्रकाश, छानमान, रेनू सचान, सुनील मिश्रा, नीरज साहू, राकेश ओमर, राजेश कुमार, राकेश कुमार, महेश, हिमांशु सोनी, रामकिशुन, भगवानदीन साहू, मालती, आशीष गुप्ता, शिवशंकर, गयादीन, कल्लू, अनीश जोशी, राहुल शिवहरे आदि ने बताया कि गुरुवार की शाम तपोभूमि कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी पप्पू भैया के इशारे पर मंदिर में भजन कीर्तन बंद कराकर ताला डलवा दिया गया। इससे भंडारे में तैयार किया गया प्रसाद बर्बाद हो गया है साथ ही ताला बंद होने से शुक्रवार को सुबह भजन कीर्तन नहीं हो सका और भंडारा भी नहीं बना है। उन्होंने कहा अगर ताला नहीं खोला गया तो वह लोग कमेटी अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। तपोभूमि कमेटी के अध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा की ताला उन्होंने स्वत: बंद किया है वह लोग समाधि स्थल की बाउंड्रीवाल को तोड़कर बांकी बिहारी मंदिर का अलग से गेट लगवाने चाहते हैं। बाउंड्रीवाल तोड़ने से मना किया गया है। इस वजह से इन्होंने अब ताला बंद करने का नया पैतरा चला है इससे वह डरने वाले नहीं है कोई भी गलत निर्माण समाधि स्थल पर कमेटी की बगैर सहमति के नहीं करने दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story