बांदा : सर्पदंश से किशोर समेत दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बांदा : सर्पदंश से किशोर समेत दो की मौत


बांदा, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्पदंश से किशोर और एक नाबालिग लड़की समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के कतरावल गांव निवासी तेजबहादुर ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय भांजी संध्या देवी मूल रूप से कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव की रहने वाली थी। पिता की मौत के बाद वह अपनी मां के साथ ननिहाल कतरावल में रह रही थी और हाईस्कूल में पढ़ती थी। शुक्रवार रात वह घर में जमीन पर चटाई बिछाकर सो रही थी। इसी दौरान सर्प ने उसकी गर्दन में डस लिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गए और पहले घरेलू उपचार किया। हालत में सुधार न होने पर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी घटना बदौसा थाना क्षेत्र के गजपतिपुर गांव की है। रामसेवक ने बताया कि उसका 15 वर्षीय पुत्र लालाराम शुक्रवार रात अपने दोस्त दीपक के साथ चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सर्प ने उसे डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान लालाराम की मौत हो गई।

पिता ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।

बदौसा थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story