चंडीगढ़ में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के छात्रों का परचम, रोबोवार प्रतियोगिता में बने विजेता

WhatsApp Channel Join Now
चंडीगढ़ में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के छात्रों का परचम, रोबोवार प्रतियोगिता में बने विजेता


बांदा, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी), चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी महोत्सव पीईसी फेस्ट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की टीम ने रोबोवार्स की 08 किलोग्राम भार वर्ग प्रतियोगिता में 30 टीमों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम को इस उपलब्धि के लिए 30,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, चंडीगढ़ में 30 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक आयोजित इस तकनीकी महोत्सव में विभिन्न तकनीकी एवं रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रोबोवार्स प्रतियोगिता में कुल 30 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनके बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

विजेता टीम में समर्थ गुप्ता, लकी सिंह, आरव, अंकित यादव तथा ऋषभ पटेल शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपने द्वारा डिजाइन एवं विकसित किए गए रोबोट के माध्यम से उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता, नवाचार, डिजाइन क्षमता तथा रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

रोबोवार्स प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों द्वारा तैयार किए गए रोबोट एक-दूसरे के विरुद्ध मुकाबला करते हैं। इसमें रोबोट की संरचनात्मक मजबूती, नियंत्रण प्रणाली, गतिशीलता तथा संचालन रणनीति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बांदा की टीम ने अपनी तकनीकी सूझबूझ, टीमवर्क और प्रभावशाली प्रदर्शन से प्रतियोगिता में जीत दर्ज की।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर मंगलवार को संस्थान के निदेशक प्रो. दीपेंद्र सिंह एवं कुलसचिव डॉ. आशुतोष तिवारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक इंजीनियरिंग कौशल को प्रदर्शित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर संस्थान का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771539 Articles

Share this story