बांदा : एसआईआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
बांदा : एसआईआर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका


बांदा, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा जनपद में सोमवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और एसआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस कार्यालय से कचहरी तक प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सिर पर काली पट्टी बांधकर जुलूस की शक्ल में पहुंचे और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अशोक लाट पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका गया। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के आरोप लगाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद से लगातार वोट चोरी की जा रही है और इसके जरिए भाजपा की सरकार बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की भूमिका की जांच कराने और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेता एवं पूर्व नगर पालिका चेयरमैन मोहन साहू ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर देश में 13 करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जाति और धर्म देखकर नाम हटाए गए। उन्होंने मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जोड़ने, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो गांव-गांव आंदोलन चलाकर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story