बंद कमरे से मिला सिपाही का खून से लथपथ शव

WhatsApp Channel Join Now

हाथरस,9 जनवरी (हि.स.)। गुरुवार को हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र में बंद कमरे में एक सिपाही का शव खून से लथपथ मिला। उसी कमरे में एक युवती भी घायल हालत में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा कटवाकर सिपाही का शव बाहर निकलवाया। युवती को अलीगढ़ रेफर किया गया। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

सिपाही कुलदीप भाटी गौतमबुद्ध नगर जिले के चक्रसेनपुर थाना दादरी का रहने वाला था। वह 2016-2017 बैच का सिपाही है। वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। कुलदीप हाथरस पुलिस लाइन में 2 साल से तैनात है। जलेसर रोड पर श्याम नगर में बृजमोहन के मकान में कॉन्स्टेबल कुलदीप भाटी किराए पर रहता था। गुरुवार दोपहर कुछ लोगों ने सिपाही कुलदीप भाटी के कमरे के अंदर से फायरिंग की आवाज सुनी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर कोतवाली सदर के इंस्पेक्टर विजय सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे तक पहुंचने के लिए दो दरवाजे तुड़वाए। एक दरवाजे को कटर से काटा गया। कमरे में कुलदीप की लाश फर्श पर पड़ी थी।

आशंका है कि सिपाही ने पहले युवती को गोली मारी, फिर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मौके पर मौजूद पुलिस की फील्ड यूनिट असलहा की तलाश कर रही है। पलंग पर एक लड़की घायल हालत में पड़ी थी। पुलिस ने मौके पर छानबीन और पूछताछ की। एएसपी और सीओ सिटी भी मौके पर पहुंच गए हैं। जांच में सामने आया कि घायल युवती हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जलालपुर की रहने वाली है। पुलिस उसके बारे में पता लगा रही है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा मौके पर पहुंचे हैं। जांच पड़ताल कर रहे हैं। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया सिपाही कुलदीप भाटी पुलिस लाइन में तैनात था। युवती को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। घटना के बारे में जानकारी की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट जांच पड़ताल में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story