बलरामपुर : पूजा पंडाल में घुसी अनियंत्रित कार, तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : पूजा पंडाल में घुसी अनियंत्रित कार, तीन की मौत


बलरामपुर ,8 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम चरनगहिया बेलहा में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब नवरात्रि के अवसर पर दुर्गा मंदिर पंडाल के पास लगाए गए टेंट में कुछ लोग पर्दे पर प्रोजेक्टर के जरिए कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित कार टेंट में घुस गई और वहां मौजूद लोगों को रौंदते हुए दीवार से जा टकराई।

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे आरती के बाद कुछ लोग टेंट में बैठकर प्रोजेक्टर पर कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने टेंट में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला मेमोरियल अस्पताल, बलरामपुर भेजा गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) के रूप में हुई है। अन्य चार घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घटनास्थल की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762827 Articles

Share this story