बलरामपुर में 67 जोड़ों का विवाह संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में 67 जोड़ों का विवाह संपन्न


बलरामपुर में 67 जोड़ों का विवाह संपन्न


बलरामपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को बलरामपुर स्थित माया होटल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिससे 44 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार तथा 23 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराया गया।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में 67 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न हुआ। समारोह में कार्यक्रम के दौरान नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर नए जीवन की शुरुआत की खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर अतिथियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह कराने का अवसर प्रदान कर सामाजिक समानता और सद्भाव को भी मजबूत कर रही है।

सदर विधायक पलटूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 64 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, 21 हजार की उपहार सामग्री नवदंपति को उपलब्ध कराई जाती है, जबकि 15 हजार विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी , मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी हरैया सतघरवा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story