अखिलेश ने योगी को दी अयोध्या से चुनाव लड़ने की सलाह
बलिया, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बलिया में कहा कि राम मन्दिर में चोरी के बाद जिन्होंने कहा था कि पंद्रह दिन में दूध का दूध और पानी का पानी कर देंगे। उन्हें अयोध्या में जाकर कहना चाहिए कि वहीं से चुनाव लड़ेंगे।
स्व. रामगोविंद चौधरी को श्रद्धाञ्जलि देने आये अखिलेश यादव ने कहा कि सोचिए, इन्होंने (भाजपा) अयोध्या की क्या हालत कर दी। अयोध्या आज अंतर्राष्ट्रीय शहर बनता। वहां हर इंजन इन्ही का होने के बावजूद कुछ नहीं हुआ। अयोध्या वासियों की दुकान छीनी गई। उनका मकान छीना गया। बाजार भाव नहीं दिया गया। लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री अयोध्या से आश्वस्त हैं तो मेरी उनको चुनौती नहीं, सलाह होगी कि वहीं से चुनाव लड़ें।
उन्हाेंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा ने कुछ नहीं किया। सीएम के अपने शहर में नाव चल रही है, जबकि कहते थे कि स्पेन बन गया है।
अयोध्या में राम मन्दिर में दर्शन न करने के सवाल पर कहा कि केदारेश्वर मंदिर बनने के बाद अयोध्या जाकर राम लला के दर्शन करने जाऊंगा। अखिलेश यादव ने सनातन को सत्य और सेवा का रास्ता बताया।
उन्हाेंने कहा कि सनातन समाजवादी रास्ता है। सनातन भाईचारे का रास्ता है। यह वसुधैव कुटुंबकम का रास्ता दिखाता है। हम सब भाईचारे वाले लोग हैं। जो लोग सेल्फ अटेस्टेड सनातनी हैं, उनके समय में अयोध्या में चढ़ावे की चोरी हो गई। आज अयोध्या का क्या हाल कर दिया। वहां के लोगों के घर तोड़े लेकिन उनको बाजार मूल्य पर मुआवजा नहीं दिया।
मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए उन्हाेंने कहा कि जो लोग अयोध्या जाने का विश्व रिकार्ड बनाने का दावा करते हैं, बताएं कि वहां हुई चंदा चोरी का जिम्मेदार कौन है। समाजवादी चिंतक जेपी के नाम पर लखनऊ में बना बीस एकड़ का स्मारक क्यों बेच दिया। आज भारत अर्थव्यवस्था के मामले में चौतरफा घिर गया है। अमेरिका हमारे साथ भेदभाव कर रहा है। कोई कुछ नहीं बोल रहा। उल्टे अमेरिका के लिए सब पाबंदियां खोल दी गई हैं। अमेरिका का दूध यदि बाजार में आया तो यहां के लोग बर्बाद हो जायेंगे। अमेरिका और चीन हमारा बाजार छीन रहे हैं। ऐसे में हमारे मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया का क्या हाेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

