हाईटेंशन तार की चपेट में आने छात्र की मौत
बलिया, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को हादसे में कक्षा चार के छात्र की हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने विद्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामा किया।
मृत बालक के परिजनों ने विद्यालय के स्टाॅफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्र को लौकी तोड़ने के लिए विद्यालय की छत पर भेजा गया था। इसी दौरान वह हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने विद्यालय स्टाॅफ की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने परिजनों एवं ग्रामीणों की बात सुनी तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
--------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

