शुभेंदु पीए मर्डर केस : रिहाई के बाद राज सिंह ने की सीबीआई की तारीफ

WhatsApp Channel Join Now
शुभेंदु पीए मर्डर केस : रिहाई के बाद राज सिंह ने की सीबीआई की तारीफ


बलिया, 21 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में 11 मई को गिरफ्तार किए गए राज सिंह ने अपनी रिहाई के बाद गुरुवार को बलिया आते ही सीबीआई को धन्यवाद दिया। उसने कहा कि सीबीआई नहीं होती तो मेरा एनकाउंटर हो गया होता। सीबीआई के कारण ही बच गया हूं।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुरेंद्र अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के बाद बलिया के राज सिंह नाम के युवक की गिरफ्तारी अयोध्या में 11 मई को हुई थी। उसके बाद बलिया के ही एक दूसरे युवक राजकुमार सिंह की सीबीआई द्वारा की गयी गिरफ्तारी के बाद चर्चा तेज हो गयी थी कि राज सिंह की गिरफ्तारी के मामले में बंगाल पुलिस से चूक हुई है। इस मामले में छूटने के बाद बलिया शहर के आनंद नगर निवासी राज सिंह ने घर वापस आते ही गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उसने इशारा किया कि जिम्मेदारों से बड़ी चूक हुई है, मैं बेगुनाह हूं।

सीबीआई की क्लीन चिट और कोर्ट के आदेश के बाद राज सिंह ने अपने गृह जनपद बलिया पहुंचकर मीडिया के सामने अपनी आप बीती में कई खुलासे किए।

प्रेस कांफ्रेंस में बोलते हुए राज सिंह काफी भावुक नज़र आया। बताया कि जिस वक्त पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम में यह सनसनीखेज हत्याकांड हुआ था, उस समय वह बंगाल में था ही नहीं। वह उत्तर प्रदेश में अपने परिवार के साथ था और अगले ही दिन अपनी मां के साथ लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। राज सिंह ने अपने बयान में कहा कि मुझे इस मामले में पूरी तरह से गलत फंसाया गया था। बंगाल पुलिस की एसआईटी ने बिना पूरी जांच किए मुझे अयोध्या के पास से हिरासत में लिया था। लेकिन मुझे न्यायपालिका और देश की जांच एजेंसी सीबीआई पर पूरा भरोसा था। कहा कि घर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य सीबीआई को दिये गए जिससे मेरी घर वापसी हो सकी। राज ने बताया कि परिजनों ने जांच एजेंसी को घर और दुकान के सीसीटीवी फुटेज सौंपे थे, जिससे यह साबित हुआ कि घटना के दिन और उस समय पर मैं बलिया में ही मौजूद था। बताया कि सच सामने आने के बाद सीबीआई ने खुद पश्चिम बंगाल की अदालत में अर्जी दाखिल कर कहा कि राज्य पुलिस ने गलत व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अदालत ने तुरंत रिहा करने का आदेश दिया। राज सिंह ने मीडिया के कैमरों के सामने हाथ जोड़कर ईश्वर, अपने वकीलों, शुभचिंतकों और सीबीआई का आभार व्यक्त किया। कहा कि जेल में बिताए दिन उसके और उसके परिवार के लिए किसी मानसिक प्रताड़ना से कम नहीं थे, लेकिन अंततः सच्चाई की जीत हुई।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे के ठीक दो दिन बाद छह मई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की सरेआम गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में यूपी कनेक्शन तलाशते हुए पुलिस ने बलिया के रहने वाले राज सिंह को आरोपी बनाकर 11 मई को गिरफ्तार किया था। हालांकि अब सीबीआई ने इस मामले में एक और आरोपी राजकुमार सिंह और विनय राय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं राज सिंह की मां ने बताया कि इस घटना से मेरा पूरा परिवार सदमे में था। मेरे बेटे को मेरे सामने गिरफ्तार किया गया था। आज मेरा बेटा मेरे पास है, मैं सो नहीं पाती थी। हालांकि मेरे पास उसके निर्दोष होने के सबूत थे। भगवान ने मेरी सुनी और आज मेरा बेटा राज सिंह मेरे पास है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story