जीवन की चुनौतियों से पार पाने का मार्ग दिखाती है शिव पुराण कथा : हरिवंश नारायण सिंह

WhatsApp Channel Join Now
जीवन की चुनौतियों से पार पाने का मार्ग दिखाती है शिव पुराण कथा : हरिवंश नारायण सिंह


बलिया, 14 जून (हि.स.)। जनपद के दिउली स्थित बाबा बालखंडीनाथ मंदिर परिसर में प्रख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान रविवार को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह पहुंचे। उन्होंने कथा के पांचवें दिन के समापन अवसर पर उपस्थित लाखों श्रद्धालुओं को संबोधित किया।

अपने संबोधन में हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि शिव पुराण कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है। ऐसी कथाएं व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों से संघर्ष करने और उनसे पार पाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि शिव पुराण में निहित संदेश समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। इससे लोगों के विचारों और आचरण में शुद्धता आती है तथा समाज में सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।

राज्यसभा के उपसभापति ने कथा में उमड़े विशाल जनसमूह और आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि पं. प्रदीप मिश्र जैसे कथावाचक समाज में नैतिक जागरण का काम कर रहे हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इतने बड़े और सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में दयाशंकर सिंह की भूमिका सराहनीय है।

इस अवसर पर कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण कथा का श्रवण कर धर्म और अध्यात्म का लाभ प्राप्त किया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। इस अवसर पर पं. प्रदीप मिश्र ने हरिवंश को अंग वस्त्र दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय भी माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story