बलिया में एसडीएम को कुत्ते ने काटा तो अंगूठा लगाकर मांगनी पड़ी छुट्टी

WhatsApp Channel Join Now
बलिया में एसडीएम को कुत्ते ने काटा तो अंगूठा लगाकर मांगनी पड़ी छुट्टी


बलिया, 08 मार्च (हि.स.)। बलिया के बैरिया तहसील के एसडीएम ने अंगूठा लगाकर छुट्टी का आवेदन किया है जो चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि अंगूठे वाले इस आवेदन पर जिलाधिकारी ने उनकी छुट्टी स्वीकृत कर दी है।

दरअसल, बैरिया के एसडीएम आलोक प्रताप सिंह को एक पालतू कुत्ते ने काट लिया था। जिस हाथ से वे लिखते हैं ,उसी की अंगुलियों में ज़ख्म होने के कारण एसडीएम अलोक प्रताप सिंह दस्तखत करने में असमर्थ हैं,जिसके बाद उन्होंने डीएम मंगला प्रसाद सिंह को अपनी छुट्टी का एप्लीकेशन भेजा है। जिसकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर वायरल है। एसडीएम अलोक प्रताप ने अवकाश आवेदन में खुद को दैनिक क्रियाएं करने में असमर्थ बताया है।

उन्होंने लिखा है कि वे हायर मेडिकल सेंटर जाकर इलाज कराना चाहते हैं।क्योंकि हाथों में कुत्ते के काटने से खून का रिसाव बंद नहीं हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि एसडीएम आलोक सिंह ने बैरिया में हो रहे कई गैरकानूनी कामों पर नकेल कसी थी। इस वजह से भी उनके इस तरीके से मेडिकल लीव पर जाने को लेकर लाेग चर्चा कर रहे हैं। वहीं, इस सम्बन्ध में डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने रविवार को बताया कि बैरिया के एसडीएम की छुट्टी तीन दिन पहले ही एप्रूव्ड कर दी गई है। कुत्ते के काटने के कारण वे लिखने में असमर्थ हैं। यह सामान्य प्रक्रिया है। नौकरीपेशा लोगों के लिए अवकाश की व्यवस्था की गई है, जिसका उपयोग उन्होंने किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story