बलिया में श्रीनाथ मठ पर ऐतिहासिक रोट पूजन में हजारों लाेगाें की लाठियों की गूंज

WhatsApp Channel Join Now
बलिया में श्रीनाथ मठ पर ऐतिहासिक रोट पूजन में हजारों लाेगाें की लाठियों की गूंज


बलिया, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के रसड़ा स्थित नागपुर में श्रीनाथ मठ पर ऐतिहासिक वार्षिक रोट पूजन पूजन के दौरान सोमवार को हजारों लाठियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। मुगल काल से चली आ रहे वार्षिक रोट पूजन के अवसर पर श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

परंपरा के अनुसार हजारों श्रद्धालु हाथों में लाठियां लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे। नागपुर गांव के श्रीनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने शौर्य और एकता का अद्भुत संगम दिखाते हुए लाठियों का प्रदर्शन किया। इस भव्य आयोजन में 251 क्विंटल से अधिक महाप्रसाद (रोट) वितरित किया गया। मुगल काल से ही श्रीनाथ बाबा के सम्मान में चली आ रही लठ पूजन की यह अनोखी परंपरा सद्भाव की मिसाल भी कायम करती है। श्रीनाथ बाबा को रोट चढ़ाने से पहले सूफी संत रोशन शाह की मजार पर रोट चढ़ाया गया। इसके बाद श्रीनाथ मठ में पूजन समिति के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने विधि विधान से पूजन संपन्न कराया। इस पूजन के लिए बलिया ही नहीं आसपास के जिलों से भी सेंगर राजपूत ट्रैक्टर ट्रालियों से भर कर आए थे। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम और सीओ रसड़ा भारी संख्या में फोर्स के साथ डटे रहे। लठ पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story