नए जिलाध्यक्ष संजय मिश्र के नेतृत्व में धूमधाम से मना भाजपा का स्थापना दिवस

WhatsApp Channel Join Now
नए जिलाध्यक्ष संजय मिश्र के नेतृत्व में धूमधाम से मना भाजपा का स्थापना दिवस


बलिया, 6 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर रविवार को कार्यकर्ताओं ने पार्टी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा व राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने पार्टी का झण्डा फहराया। जिलाध्यक्ष ने पार्टी के 45 साल के सफर को सबके समक्ष रखा। साथ ही पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की स्थापना छह अप्रैल 1980 को हुई और आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।

उन्होंने भाजपा सरकारों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा सांसद व विधायक भाजपा के हैं। हमें पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए कार्य करना होगा। अपनी विचारधारा के स्तर पर भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ हमारे वैचारिक और संगठनात्मक सम्बध हैं। भाजपा का आरंभ काफी कठिनाई वाला रहा है। 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री की हत्या के बाद भाजपा को महज दो सीटें मिली थीं, लेकिन आज भाजपा ने तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई। यही नहीं 19 राज्यों में भाजपा या‌ भाजपा सहयोगी की सरकार है। डबल इंजन की सरकारों में देश प्रगति कर रहा है। भव्य राम मंदिर इस बात का प्रणाम है कि सनातन संस्कृति चरमोत्कर्ष की ओर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story