लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम: डीएम
बलिया, 17 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकतन्त्र की मजबूती का आधार है। यह बातें जिलाधिकारी एमपी सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अधिनियम के अंतर्गत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह पहल ऐतिहासिक है, जो देश की महिलाओं को नीति निर्माण की मुख्यधारा में लाने का प्रयास करती है। इसे केवल एक विधायी प्रक्रिया न मानकर लोकतंत्र को अधिक समावेशी और संतुलित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार, लेखिका एवं अधिवक्ता श्वेता पाण्डेय ने किया। उन्होंने कहा कि संसद में इस अधिनियम के क्रियान्वयन से जुड़े संशोधन विधेयक पर चर्चा शुरू हो चुकी है, जो देश की आधी आबादी को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह अधिनियम लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतंत्र को मजबूत, संवेदनशील और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। कार्यक्रम के दौरान इस पहल को लेकर महिलाओं में उत्साह और सकारात्मक अपेक्षाओं का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन, जिला सूचना अधिकारी ऋषभ देव त्रिपाठी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

