मेगा स्वास्थ्य शिविर में दो हजार से अधिक ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
बलिया, 28 जून (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 'जननायक की स्मृति में जनसेवा का संकल्प' अभियान के तहत रविवार को गड़हांचल के पिपरा में आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में भीषण गर्मी के बावजूद हजारों लोगों ने अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराया। भारी भीड़ के चलते देर शाम तक चिकित्सक डटे रहे।
शिविर का आयोजन स्व. चंद्रशेखर की पुत्रवधू एवं राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की पत्नी डॉ. सुषमा शेखर के प्रयासों से किया गया, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 2300 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। इसके पहले शिविर का उद्घाटन डॉ. सुषमा शेखर ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में सबसे पहले कुल 2361 लोगों ने पंजीकरण कराया। इसके बाद इन सभी मरीजों की बीमारियों के अनुसार वर्गीकरण किया गया। हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हृदय रोग, सामान्य चिकित्सा तथा नेत्र रोग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। यहां रक्त जांच, नेत्र जांच, हृदय जांच समेत अन्य आवश्यक जांचें भी निःशुल्क की गईं। जरूरतमंद मरीजों को चश्मों का भी वितरण किया गया तथा चिकित्सकीय सलाह के आधार पर मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र ऑपरेशन के लिए पंजीकरण भी किया गया। सबसे अधिक हड्डी से संबंधित काउन्टर पर भीड़ देखी गई। आई सर्जन देर शाम तक मरीजों का परीक्षण करते रहे। इसके पूर्व अभय नारायण सिंह, पूर्व प्रधान शैलेंद्र सिंह, अनिल सिंह प्रधान, चौरा के प्रधान प्रतिनिधि अनिल सिंह, मंटू पंडित, ओमप्रकाश वर्मा, विश्वकर्मा शर्मा, मण्डल उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, मुन्ना सिंह प्रधान पिपरा, राजू सिंह प्रधान कथरिया, जितेंद्र राय व रियाजुद्दीन राजू आदि ने डॉ. सुषमा शेखर का स्वागत किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए डॉ. सुषमा शेखर ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से ये स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फेफना विधानसभा क्षेत्र में हर नागरिक तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर जी के विचारों से प्रेरित होकर यह उनके जन्म शताब्दी वर्ष में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। जनसेवा ही उनका धर्म है तथा पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के सेवा भाव को आगे बढ़ाना ही उनका उद्देश्य है। डॉ. शेखर ने मोदी सरकार और योगी सरकार के जन सरोकार से जुड़ी योजनाओ के बारें में भी बताया। डॉ. सुषमा शेखर ने बताया कि अगले चरण में चयनित मरीजों के आंखों के ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराए जाएंगे।
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ राय, डॉ, संतोष चौधरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजलि कुमार सुमन , हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेकानंद गुप्त (गैलेक्सी अस्पताल वाराणसी), फिजिशियन डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रितेश सोनी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित रंजन, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. विमल व डॉ. दीपक गुप्ता सहित गैलेक्सी अस्पताल वाराणसी के चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। कार्यक्रम में अखिलेश सिंह पप्पू, पिंकू सिंह, राजन सिंह, मनीष सिंह, लड्ड सिंह, विजेन्द्र राय, सौरभ सिंह रानू, पूर्व अध्यक्ष छात्रसंघ किशन प्रताप सिंह, संतोष राय, किसान नेता संतोष सिंह, संजय सिंह आदि ने सहयोग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव उपाध्याय व संचालन उपेन्द्र सिंह ने किया। शैलेन्द्र सिंह पूर्व प्रधान ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

