बलिया में बनने वाले मेडिकल बाईपास से सीधे जुड़ेगा कार्तिक पूर्णिमा स्नान घाट मार्ग
बलिया, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से बलिया में मेडिकल बाईपास से कार्तिक पूर्णिमा घाट मार्ग तक एक और नया एक बाईपास मार्ग बनाया जाएगा। बुधवार को मेडिकल बाईपास रोड का निरीक्षण करने के बाद मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने आज रोड के संरेखण का मिलान किया, जो ग्राम हैबतपुर, विजईपुर, बनकटा से होकर जा रहा है। इस नए मार्ग की संपूर्ण लंबाई 2.41 किलोमीटर होगी। रोड की चौड़ाई 12 मीटर होगी जिसमें सात मीटर पिच मार्ग होगा।
मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बताया कि अधिशासी अभियंता लोक निर्माण के साथ मौके का निरीक्षण किया गया। इस बाईपास के निर्माण से जिला अस्पताल सीधे मेडिकल बाईपास से जुड़ जाएगा। मेडिकल बाईपास से माल्देपुर तक लोग सीधे जा सकेंगे। इस मार्ग से कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने वाले श्रद्धालु सीधे कार्तिक पूर्णिमा घाट तक पहुंच जाएंगे। शहर का जाम घटेगा।
उन्होंने बताया कि यह बाईपास दो किलोमीटर का होगा, इसमें एक पुल भी बनेगा। मौके पर पूर्व में लगे निशान से अतिक्रमण करने वाले लोगों ने अवैध अतिक्रमण स्वयं हटाना शुरू कर दिया है। ललित कुमार, भीम गुप्ता, नितेश राय सहित 10 से अधिक लोगों ने अतिक्रमण हटा लिया है। बाकी को चेतवानी दी गई कि अगर नहीं हटाते हैं तो अवैध अतिक्रमण हटा दिया जाएगा।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मेडिकल बाईपास का निर्माण कार्य कल गुरुवार से लगभग एक किलोमीटर दूरी तक प्रारंभ होगा। क्योंकि इसका अधिग्रहण नहीं किया जाना है। बीच में पड़ने वाले कटहल नाला में एक पुल भी बनेगा। बाईपास की निर्माण लागत 34 करोड़ है, जिसमें 7.54 करोड़ रुपये से अधिग्रहण लगभग 1.5 किलोमीटर भूमि का होगा। जिसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

