बलिया में 29 जुलाई को आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
बलिया, 28 जुलाई (हि.स.)। बलिया में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में 29 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियां एक दिन पहले मंगलवार को पूर्ण हो गईं। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल के संभावित आगमन को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जेएनसीयू परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समारोह स्थल, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, हेलीपैड, साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि दीक्षांत समारोह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने जिलाधिकारी को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर कराई गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य कोषाधिकारी आनंद दुबे, कुलसचिव एसएल पाल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रियंका सिंह, निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा आदि उपस्थित रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

