बसपा विधायक उमाशंकर सिंह व उनके करीबियों पर तीसरे दिन भी आयकर विभाग के छापे
बलिया, 27 फ़रवरी (हि.स.)। रसड़ा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों व उनके सहयोगियों के यहां बलिया में तीसरे दिन शुक्रवार को भी आईटी टीम की छापेमारी जारी रही। बलिया में लगातार तीसरे दिन आईटी की छापेमारी से कई कयासों को बल मिल रहे हैं। लोग उनके ठिकानों पर भारी मात्रा में नगदी मिलने की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि छापा डाल रही आयकर टीम की तरफ अभी कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग ने उमाशंकर सिंह के खिलाफ अब अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आईटी ने अपनी जांच को अब केवल वित्तीय लेन-देन और उत्तर प्रदेश में लखनऊ, बलिया और सोनभद्र तक सीमित न रखकर कई अन्य जिलों तक फैला दिया है। जब्त किए गए दस्तावेजों के आधार पर विभाग अब विधायक की कंपनी 'छात्र शक्ति इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन' के पिछले कई वर्षों के दस्तावेज खंगाल रहा है। इन उलझे सवालों के बीच बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के पैतृक गांव खनवर के पुश्तैनी घर, पास ही स्थित फार्म हाउस और प्लांट समेत अन्य सहयोगियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम द्वारा लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को भी छापेमारी चल रही है। शुक्रवार को खनवर में उमाशंकर सिंह से जुड़ी कंपनी छात्रशक्ति इंफ़्रा के प्लांट और दौलतपुर (नरही) में एक अन्य करीबी प्रवीण सिंह के घर लगातार तीसरे दिन आयकर की टीम जमी रही।
दौलतपुर गांव से जुड़े सूत्रों ने बताया कि स्थानीय पुलिस का भारी पहरा प्रवीण सिंह के घर के आसपास लगा हुआ है। घर का फोटो लेने और परिवार के सदस्यों के अलावा अन्य किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं है। इससे अंदाजा लगाना मुश्किल है कि घर के अंदर वास्तव में क्या चल रहा है। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि प्रवीण सिंह के घर आयकर टीम को कैश मिला है। उधर, खनवर में छात्रशक्ति कम्पनी के प्लांट पर भी शुक्रवार को आयकर की टीम का आना-जाना लगा रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

