बलिया में स्नातक-शिक्षक चुनाव की तैयारी पूरी, 33,770 मतदाता करेंगे मतदान

WhatsApp Channel Join Now
बलिया में स्नातक-शिक्षक चुनाव की तैयारी पूरी, 33,770 मतदाता करेंगे मतदान


बलिया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। बलिया में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां गुरूवार शाम तक पूर्ण कर ली गयीं। पोलिंग पार्टियों को निर्धारित बूथों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए रवाना किया गया।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लिया। जिले में शुक्रवार को होने वाले निर्वाचन के लिए कुल 54 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

निर्वाचन संबंधी आंकड़ों के अनुसार, जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 34 बूथ और शिक्षक निर्वाचन के लिए 20 बूथ बनाए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 33,770 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन के 28,859 और शिक्षक निर्वाचन के 4,911 मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव में स्नातक निर्वाचन के लिए 24 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 34 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि निर्वाचन के दौरान मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है, ताकि सभी मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, डीडीओ आनंद प्रकाश व सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765012 Articles

Share this story