बलिया : उजियार में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत महायज्ञ का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
बलिया : उजियार में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत महायज्ञ का शुभारंभ


बलिया, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में उजियार गंगा तट पर पंडित गोरखनाथ उपाध्याय की स्मृति में श्रीमद्भागवत महायज्ञ एवं कथा का शुभारंभ हुआ। इसके लिए मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर इस यात्रा में क्षेत्र की हजारों महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा मंगलवार सुबह सात बजे गंगा भवन से प्रारंभ हुई। यात्रा स्टीमर घाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने मां गंगा का पूजन-अर्चन कर कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद यात्रा उजियार घाट स्थित नदी तट से गांव के रास्ते प्राचीन हनुमान मंदिर सरयां पहुंची। वहां दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालु काली मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात कलश यात्रा पुनः गंगा भवन पहुंचकर संपन्न हुई। यहां यज्ञशाला में विधिवत कलश स्थापना की गई। विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ मंडप का पूजन कराया और आरती की।

महायज्ञ के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक सरल जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति और धर्म के संदेशों को प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, मंगलवार की शाम यज्ञ स्थल पर वृंदावन-मथुरा से आए कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस धार्मिक आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, पीयूष उपाध्याय, जयप्रकाश उपाध्याय, सत्यप्रकाश उपाध्याय, संजीव उपाध्याय, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, देव उपाध्याय और राजू उपाध्याय सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story