गंगा दशहरा पर बलिया के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
गंगा दशहरा पर बलिया के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब


बलिया, 25 मई (हि.स.)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर रविवार को जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के महावीर घाट, मालदेपुर घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

रविवार सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जो दिन चढ़ने तक जारी रहा।

श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद शहर के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सर्वाधिक भीड़ बालेश्वर नाथ मन्दिर व बाबा भृगु मन्दिर पर दिखी। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। घाटों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी संख्या देखने को मिली।

भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। घाटों के आसपास मेले जैसा माहौल बना रहा। दुकानों पर पूजन सामग्री, प्रसाद और खिलौनों की खरीदारी होती रही।

गंगा दशहरा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार माल्देपुर व अन्य घाटों पर निगरानी करते रहे और लोगों को सावधानी बरतने की अपील करते रहे। भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story