बलिया के 10 प्रमुख चौराहों का होगा कायाकल्प, पांच करोड़ की परियोजना पर काम शुरू
बलिया, 11 अप्रैल (हि.स.)। बलिया नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के आधुनिकीकरण और सुंदरीकरण को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके लिए नगर के 10 प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा तय की गई है।
शुक्रवार को मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन के नेतृत्व में निरीक्षण के दौरान नपा के अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, जल निगम के सहायक अभियंता तथा विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सीआरओ त्रिभुवन ने बताया कि परिवहन मंत्री के प्रयासों से चौराहों के सुंदरीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए शासन द्वारा तीन करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जबकि कुल परियोजना लागत लगभग पांच करोड़ रुपये है।
इस परियोजना के तहत चौराहों पर एलईडी स्क्रीन, ट्रैफिक लाइट, बुलेट कैमरा, साउंड सिस्टम तथा सिविल कार्य कराए जाएंगे। साथ ही चौराहों का चौड़ीकरण, सुंदर लाइटिंग, डिवाइडर निर्माण और विद्युत पोलों का स्थानांतरण भी किया जाएगा।
परियोजना में कलेक्ट्रेट चौराहा, कुंवर चौराहा, एनसीसी चौराहा, मिड्ढा चौराहा, चित्तू पांडे चौराहा, रेलवे चौराहा, कदम चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, चौक और जैपलिनगंज चौराहा शामिल हैं। जिनका सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके अलावा एक आधुनिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी चौराहों पर लगे कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए भूमिगत केबल लाइन बिछाई जाएगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस योजना से न केवल चौराहों का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और शहर की सुरक्षा भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट चौराहा और कुंवर चौराहा के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई। कलेक्ट्रेट चौराहे से ट्रांसफार्मर हटाकर विद्युत पोल शिफ्ट किए जाएंगे तथा चौराहे का चौड़ीकरण कर इसे भव्य रूप दिया जाएगा। वहीं कुंवर चौराहे पर भी ट्रांसफार्मर और पोल हटाकर पाइपलाइन को व्यवस्थित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

