बलिया : 12 अगस्त को नरही में काला दिवस मनाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
बलिया : 12 अगस्त को नरही में काला दिवस मनाएंगे भाजपा कार्यकर्ता


बलिया, 09 अगस्त (हि.स.)। पुलिस की गोली से शहीद स्व. विनोद राय के शहादत दिवस पर पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में नरहीं में आगामी 12 अगस्त को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जायेगा। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित अपने कैम्प कार्यालय पर प्रेसवार्ता करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु समेत अन्य कई बड़े नेता शामिल होंगे।

श्री तिवारी ने कहा कि हम लोगों के बीच का कार्यकर्ता साथी विनोद राय जो सोहांव मंडल का कोषाध्यक्ष था, चन्द्रमा यादव जैसे भाजपा कार्यकर्ता को इंसाफ दिलाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से हजारों की संख्या में नरहीं थाने का घेराव कर रहे थे। उस समय अखिलेश यादव की सरकार यूपी में थी। उत्तर प्रदेश के अंदर गुंडाराज, माफिया राज, लूट व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। और उसकी असली झलक बलिया जनपद के अंदर थी। उस समय बलिया में छह मंत्री थे। यहां तक कि हारने वाले लोग भी मंत्री थे। ज़ुल्म, अत्याचार चरम सीमा पर था और उस जुर्म अत्याचार के खिलाफ 2002 से लड़ते हुए मैं 2017 तक आया। उसी में 12 अगस्त 2016 को समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सरकार में जब बलिया के दो-दो मंत्री बर्खास्त हुए थे। इस टीस में समाजवादी पार्टी के लोगों ने चाहा कि बलिया ही नहीं पूरे पूर्वांचल के एक दर्जन मंत्रियों की आंख की किरकिरी बना हुआ है। इस लिए सरकार के सहयोग से इसको परमानेंट अपनी आंख के आगे से हटा दिया जाय। उसी समय 12 अगस्त 2016 को मेरी हत्या करने की साज़िश थी। थाने के सामने हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पुरूष और महिला थाने के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। उसी प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन के लोगों ने जेनेरेटर को आफ किया लाठी चार्ज किया और एक मिनट भी नहीं बीता कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर दनादन गोलियां चलाना शुरू कर दिया। जलियांवाला बाग कांड की कहानी पीछे छूट गयी। जिसमें हमारा एक साथी विनोद राय शहीद हो गया। दर्जनों की संख्या में हमारे कार्यकर्ता गोलियों से चोटिल हुए और सैकड़ों की संख्या में महिलाओं पुरुषों को बुरी तरीके से चोटें आयीं। उसी समय हम लोगों ने संकल्प लिया कि सपा की जुल्मी सरकार के खिलाफ जब तक शरीर में जान रहेगा। विनोद राय की शहादत व्यर्थ नहीं जाने देंगे। विनोद राय की शहादत दिवस मनायेंगे। इस मौक पर प्रदीप सिंह, अंजनी राय, भरत राय, राकेश चौबे भोला सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story