भोपाल के बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र यति योगी सरकार की कानून व्यवस्था के हुए मुरीद

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र यति योगी सरकार की कानून व्यवस्था के हुए मुरीद


बलिया, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भाजपा जिलाध्यक्ष एवं बलिया निवासी रविंद्र यति ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले की तुलना में काफी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के कारण आम नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

अपने गांव आए रविंद्र यति ने बातचीत में कहा कि योगी सरकार ने कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का असर पूरे प्रदेश में दिखाई देता है, जिससे निवेश और विकास का माहौल भी बेहतर हुआ है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। गांवों से लेकर शहरों तक सड़कों का जाल बिछाया गया है और एक्सप्रेस-वे सहित कई बड़ी परियोजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई पहचान दी है। इससे लोगों की यात्रा सुगम हुई है और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिली है।

रविंद्र यति ने विश्वास जताया कि कानून व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार आगे भी इसी गति से कार्य करती रहेगी, जिससे उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों के लिए स्थानीय भाजपा नेताओं की सराहना की। कहा कि पूरे भारत के साथ बलिया भी विकास के पथ पर अग्रसर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story