गौरक्षा का वचन न देने वाली पार्टियों को न दें वोट : अविमुक्तेश्वरानंद

WhatsApp Channel Join Now
गौरक्षा का वचन न देने वाली पार्टियों को न दें वोट : अविमुक्तेश्वरानंद


बलिया, 07 मई (हि.स.)। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बलिया में कहा कि गाय को राज्य माता घोषित करने के लिए न तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बात कर रही है और न ही अन्य पार्टियां बोल रही हैं। उन्होंने बलिया प्रवास के दौरान जगह-जगह जुट रहे समर्थकों और अनुयायियों से गौ माता की रक्षा के लिए संकल्प दिलाया।

अविमुक्तेश्वरानंद बुधवार शाम को बेल्थरा रोड होते हुए बलिया जनपद में प्रवेश हुए थे। आज (गुरूवार)

को रेवती कस्बे में पहुंचने पर सैकड़ों लोगों ने जयकारे के साथ उनका स्वागत किया। रेवती में भक्तों ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। उन्हें संबोधित करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गौ माता को पशु सूची से हटाकर माता का दर्जा दें। उन्होंने कहा कि मैं इस संबंध में सबसे पूछ रहा हूं लेकिन कोई भी पार्टी बोलने के लिए तैयार नहीं है। भाजपा भी नहीं बोल रही। अब आम जनता को ही आगे आना होगा। जनता को कड़क होकर यह कहना होगा कि सभी पार्टियां शपथपूर्वक घोषणा करें कि गौरक्षा करेंगी। अन्यथा ऐसी पार्टियों को वोट न दें।

अविमुक्तेश्वरानंद ने सभी से उंगली दिखाते हुए गौरक्षा से सबंधित वेद मंत्री का जाप कराया। उन्होंने कहा कि गो हत्या करने वालों को असुर बताते हुए उनके नाश का आहवान किया। अविमुक्तेश्वरानंद का स्वागात करने वालों में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता भी थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story