एम्बुलेंस को तेल न मिलने से अस्पताल नहीं पहुंच सका मरीज, मौत होने से मामले ने पकड़ा तूल, जिलाधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एम्बुलेंस को तेल न मिलने से अस्पताल नहीं पहुंच सका मरीज, मौत होने से मामले ने पकड़ा तूल, जिलाधिकारी ने दिए जांच के निर्देश


बलिया, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में मरीज को लेकर अस्पताल जा रही एम्बुलेंस को पेट्रोल पम्प पर समय पर ईंधन नहीं मिलने से मरीज ने दम तोड़ दिया। घटना गुरुवार रात की है। घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले लापरवाही बरतने पर एसडीएम बैरिया पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे प्रधान सत्येंद्र यादव एक निजी एम्बुलेंस से बैरिया तहसील के पांडेपुर गांव के निवासी छट्ठू शर्मा (50) को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। एम्बुलेंस ड्राइवर ने तेल नहीं होने की जानकारी दी तो वे लोग टेंगरही मोड़ के पास भूषण पेट्रोल पम्प पर गए। जहां काफी मनुहार के बाद भी एम्बुलेंस को तेल नहीं मिला। प्रधान सत्येंद्र यादव ने इसकी जानकारी एसडीएम बैरिया को भी दी। इस बीच लोगों ने मोटरसाईकिल से पेट्रोल निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाते-जाते मरीज की मौत हो गयी। घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से आम होने लगी। जिसके बाद जिलाधिकारी ने इसका संज्ञान लिया।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को बताया कि हमने टीम भेजकर जांच करायी तो सीसीटीवी फुटेज के अनुसार गुरुवार रात नौ बजकर 21 मिनट पर एम्बुलेंस बैरिया के टेंगरा मोड़ के पास स्थित भूषण पेट्रोल पम्प पर खड़ी थी। पेट्रोल पम्प के लोगों ने बताया कि उस वक्त किसी को भी पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जा रहा था। क्योंकि पेट्रोल और डीजल कम था जबकि पेट्रोल पम्प पर स्टॉक की जांच हुई तो साढ़े आठ हजार लीटर पेट्रोल और साढ़े चार हजार लीटर से अधिक डीजल मिला। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि पेट्रोल पम्प के लोगों ने इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने एम्बुलेंस को डीजल नहीं दिया। जबकि स्टॉक कम होने पर भी कम से कम एम्बुलेंस को ईंधन देना ही चाहिए। एम्बुलेंस वाला ज्यादा डीजल मांग भी नहीं रहा था। वह बमुश्किल पांच-दस लीटर ही मांग रहा था। आज हमने इंडियन आयल के अधिकारियों को भी मौके पर भेजा है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यदि पेट्रोल पम्प के द्वारा एम्बुलेंस को डीजल नहीं दिया गया है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में संचालित सभी 157 पेट्रोल पम्प संचालकों की शनिवार को बैठक बुलाई गयी है। जिसमें यह निर्देशित किया जाएगा कि आवश्यक सेवाओं वाली गाड़ियों को किसी भी हालत में पेट्रोल या डीजल दिया करें। डीएम ने कहा कि एम्बुलेंस को डीजल नहीं मिलने की जानकारी एसडीएम बैरिया को बीती शाम को ही होने पर भी उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया, इस उन्हें भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उन्हें फटकार भी लगायी गयी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story