2027 में भी चलेगा 2024 वाला गठबंधन : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
2027 में भी चलेगा 2024 वाला गठबंधन : अखिलेश यादव


बलिया, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बलिया में साफ कर दिया कि यूपी में 2027 का विधानसभा चुनाव उसी गठबन्धन के साथ लड़ेंगे जिसने 2024 में यूपी में बीजेपी से अधिक सीटें हासिल की थीं। उन्होंने कहा कि इसके लिए गठबंधन के दलों में सीटों का तालमेल आसानी से हो जाएगा। हमारे गठबंधन का आधार जीत और सीट है।

अखिलेश यादव ने ये बातें शुक्रवार को बलिया के गोसाईंपुर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. रामगोविन्द चौधरी को श्रधाञ्जलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पुराने गठबंधन के सहारे इस बार अभी तक की सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। 2027 में परिवर्तन होने जा रहा है। अब विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा। सपा ने पूरी तैयारी कर ली है। हमने साथ लाकर लोगों को जोड़ा है। उन्हाेंने कहा कि मैं बलिया की धरती से बोल रहा हूं। यह महान समाजवादियों की भूमि है। यहां से समाजवादी विचार निकले हैं। यदि यूपी में फिर से बीजेपी चुनाव जीत गई तो देश में चुनाव नहीं होगा। बीजेपी पर आरोप लगाया कि इनके लोग अधिकारियों के माध्यम से लोगों को डरा रहे हैं। बीजेपी ने अंदर ही अंदर कई सर्वे कराए हैं। न जाने कितनों के टिकट कटेंगे। जिन लोगों को बीजेपी ज्वाॅइन कराया जा रहा है, ऐसे में उन सीटों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं का क्या होगा। वे नाराज होंगे और फायदा सपा को होगा। 2027 में ये बचने वाले नहीं, जनता हटा कर फेंक देगी। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सीजेपी द्वारा दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग भी लोकतंत्र बचाने के लिए सड़कों पर हैं, हम उनका साथ देंगे। हमारा नैतिक समर्थन उन्हें है। सपा ने 2022 में ही कहा था कि चुनाव आयोग ने भेदभाव और वोट काटने का काम किया है। द्वापर और त्रेता में जिस नंदलाल और राम ने हमें बचाया, उन्ही के नाम का इस्तेमाल कर वोट काटे जा रहे हैं।

एआई के जरिए बीजेपी नेताओं के वीडियो जारी करने के संदर्भ में उन्हाेंने कहा कि सबसे पहले भाजपाइयों ने वीडियो बनाए। जिसके बाद समाजवादी कार्यकर्ताओं ने मजबूरी में वीडियो बनाए। सुभासपा मुखिया और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर भाजपाइयों की चाल में फंस गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

Share this story