महिला थाना एवं परामर्श केंद्र की पहल से बिखरे 41 परिवारों में लौटी खुशियां

WhatsApp Channel Join Now
महिला थाना एवं परामर्श केंद्र की पहल से बिखरे 41 परिवारों में लौटी खुशियां


बागपत, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में महिला थाना एवं महिला परामर्श केंद्र की कर्मचारियाें के सहयाेग से पारिवारिक विवादों के समाधान निस्तारण किया गया। इस वजह से एक बार फिर 41 परिवाराें में खुशियां लौटी है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार ने इसको सामाजिक परिवेश में पुलिस की महत्वपूर्ण भागेदारी बताया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यायल से मंगलवार काे जारी सूचना में बताया कि अगस्त-2026 के दौरान प्राप्त विभिन्न शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए विस्तृत काउंसलिंग की गई। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद स्थापित कराया गया। काउंसलरों ने सभी की बाताें काे सुनकर उन्हें समझाया और उनके आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास किया गया, जिससे कई टूटते परिवार पुनः एक साथ आने को तैयार हुए।

सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप कुल 41 पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। समझौता प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी परिवारों को आपसी सहमति से पुनः एकजुट किया गया और उनके उज्ज्वल, सुखद एवं शांतिपूर्ण भविष्य की कामना करते हुए रवाना किया गया।

बता दें कि महिला थाना एवं परामर्श केंद्रों पर समाज में पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने, वैवाहिक संबंधों में सामंजस्य स्थापित करने तथा विवादों को न्यायालय से पूर्व सुलझाने के लिए पुलिस विभाग का यह कदम परिवारों में खुशियां लौटा रहा है।

-------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story