पीईटी-2026 परीक्षा : बागपत में 10 केंद्रों पर होगी आयाेजित , 25,344 अभ्यर्थी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
पीईटी-2026 परीक्षा : बागपत में 10 केंद्रों पर होगी आयाेजित , 25,344 अभ्यर्थी होंगे शामिल


बागपत, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर 2026 को परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां छह पालियों में कुल 25,344 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। नकल माफिया और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेन्द्र पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story