बागपत : खेकड़ा अग्निकांड में एक और मौत, मृतकों की संख्या चार हुई

WhatsApp Channel Join Now
बागपत : खेकड़ा अग्निकांड में एक और मौत, मृतकों की संख्या चार हुई


बागपत, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे के मुख्य बाजार में आठ अक्टूबर को हुए भीषण अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसे व्यापारी विनय जैन के बेटे अंकुर जैन की सोमवार तड़के दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।

परिजनाें के अनुसार, अंकुर जैन की हालत पहले स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन सोमवार सुबह करीब तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में उनकी पत्नी स्वाति जैन (37) और सात वर्षीय बेटी अनन्या जैन की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, आग में फंसे लोगों को बचाने के दौरान गंभीर रूप से झुलसे घास मंडी निवासी कपिल कुमार की शुक्रवार को सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

आग लगने की घटना के बाद अंकुर जैन, पड़ोसी युवक जाहिद और कपिल कुमार को गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जाहिद का अभी उपचार चल रहा है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

खेकड़ा कस्बे के मुख्य बाजार में पुलिस चौकी के पास स्थित विनय जैन के मकान और परचून की दुकान में आठ अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे आग लग गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई थी। इस दौरान सिलेंडर फटने की भी बात सामने आई थी। आग तेजी से फैलने के कारण मकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोग अंदर फंस गए थे।

अंकुर की मौत पर बाजार बंद

अंकुर जैन की मौत की खबर मिलते ही खेकड़ा कस्बे में शोक छा गया। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से जैन समाज और व्यापारी वर्ग में शोक की लहर है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759352 Articles

Share this story