बागपत : दुकान में लगी भीषण आग से फटे दो सिलेंडर, महिला और बच्ची की मौत, कई झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
बागपत : दुकान में लगी भीषण आग से फटे दो सिलेंडर, महिला और बच्ची की मौत, कई झुलसे


बागपत, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे के बाजार चौकी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में दुकान से सटे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान दो गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे में एक महिला और पांच वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। धमाकों की आवाज से पूरे बाजार में अफरा तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यापारी प्रदीप जैन की दुकान में सुबह अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और दुकान से सटे मकान तक पहुंच गईं। आग की चपेट में आने से गैस सिलेंडरों ने भी आग पकड़ ली, जिसके बाद जोरदार धमाके हुए। आग और धमाकों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

बताया गया कि आग की चपेट में आने से प्रदीप जैन के बेटे अंकुर जैन समेत कई लोग झुलस गए। वहीं बिंदु प्रसाद जैन समेत दो महिलाएं और दो बच्चे मकान के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद बाजार में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। आग की लपटों और सिलेंडर धमाकों के चलते काफी देर तक इलाके में दहशत का माहौल रहा।

सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि हादसे में 38 वर्षीय स्वाति जैन और पांच वर्षीय आन्या जैन की मौत हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। दनकल ने आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story