बागपत : सडक सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को लगायी डांट, समस्याएं गिनायी
बागपत, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में सड़क हादसों को लेकर जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने गुरुवार को बैठक ली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयाेजित बैठक में सड़क सुरक्षा को कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों की कार्यशैली, लापरवाही और बैठकों से गायब रहने पर कड़ी फटकार लगाई और कहा कि जनता के प्रति संवेदनशील बनें, कागजों से निकलकर सड़क पर उतरकर हादसों की वजह खत्म करें।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर लोगों की जान बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआई के दिल्ली-सहारनपुर और काठा-बागपत मार्ग पर अंधेरा, अवैध कट, साइनेज की कमी और गंदगी का मुद्दा उठा। टिकरी ओवरब्रिज पर लाइट न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए एनएचएआई अधिकारियों को दो दिन में तलब करने और शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। बैठक में कुछ अहम फैसले लिए गए। अवैध पार्किंग रोकने के लिए 10 टायर जैमर खरीदे जाएंगे। जनपद के 25 ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएंगे, सभी अवैध कट बंद होंगे और अंधेरे मार्गों पर लाइट लगेगी। सभी फुटओवर ब्रिज पर रेलिंग लगेगी और रोडवेज बसों का ठहराव कलेक्ट्रेट गेट से हटाकर FOB के पास होगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने जुगाड़ बाइकों को स्क्रैप करने को कहा। बैठक में जानकारी दी गयी कि सितंबर में पुलिस ने बिना लाइसेंस 552, बिना हेलमेट 272, ओवरस्पीड 123 और रॉन्ग साइड के 73 सहित हजारों चालान किए। बैठक में 38 एंबुलेंस की उपलब्धता और बागपत-बड़ौत में वेंडिंग जोन बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र पांडेय, समस्त एसडीएम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता अतुल कुमार, खेकड़ा सीओ, बागपत सीओ आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

