त्योहारों को लेकर बागपत पुलिस अलर्ट, मवीकलां टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था परखी
बागपत, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बागपत पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को मवीकलां स्थित टोल प्लाजा पर अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी नगर बागपत ने चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की जाए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों को मुस्तैद रहने और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

