करंट लगने से लाइनमैन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
करंट लगने से लाइनमैन की मौत


बागपत, 02 जून (हि.स.)। बागपत जिले के डौलचा गांव में बिजली लाइन का फॉल्ट ठीक करते समय करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने शटडाउन लेने के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हबीबपुर नंगला निवासी 42 वर्षीय मुकेश डौलचा बिजलीघर पर लाइनमैन के पद पर तैनात थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वे डौलचा बिजलीघर के सामने बिजली लाइन का फॉल्ट ठीक कर रहे थे। बताया गया कि उन्होंने कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन लिया था। आरोप है कि इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे मुकेश को तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने शटडाउन के बावजूद बिजली सप्लाई चालू किए जाने को लापरवाही बताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने ऊर्जा विभाग से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बालैनी थाना प्रभारी शिवदत्त का कहना है म्रतक परिजनों की शिकायत ले ली गयी है शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से भी बात की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story