गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश


बागपत, 12 मई (हि.स.)। बागपत जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं के संबंध में समीक्षा बैठक की । बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए सभी गौ आश्रय स्थलों पर गोवंशों के लिए समुचित छायादार व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नियमित चिकित्सा व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा पशु चिकित्सकों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौ आश्रय स्थलों पर चारा, भूसा एवं अन्य आवश्यक सामग्री का स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए तथा सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौ संरक्षण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत कुमार उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरविंद कुमार त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राहुल वर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story