खराब टरबाइन से रेंग रही बागपत की सहकारी चीनी मिल, डीएम नाराज

WhatsApp Channel Join Now
खराब टरबाइन से रेंग रही बागपत की सहकारी चीनी मिल, डीएम नाराज


बागपत, 25 नवंबर (हि.स.)। बागपत की सहकारी चीनी मिल की रफ्तार पर टरबाइन की तकनीकी खराबी ने ब्रेक लगा दिया है। मिल की टरबाइन संख्या-2 में 1.5 मेगावाट की तकनीकी खराबी सामने आने के बाद मिल के संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए। वहीं, मिल की तकनीकी खामी से गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।

बुधवार को जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने सहकारी चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टरबाइन संख्या-2 में तकनीकी खराबी का मामला सामने आया। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को तत्काल मरम्मत कर मिल का संचालन सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिल की तकनीकी खामी का खामियाजा किसानों को नहीं भुगतना पड़ेगा और गन्ने की पेराई अनावश्यक रूप से बाधित नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जब तक टरबाइन पूरी तरह ठीक नहीं होती, तब तक किसानों के गन्ने को जरूरत के अनुसार दूसरी चीनी मिलों में डायवर्ट किया जाए। इससे किसानों को गन्ना आपूर्ति और पेराई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान चीनी मिल के जीएम प्रदीप तेवतिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story