नदी में नहाने गए तीन युवक डूबे, दो सगे भाइयों की मौत, तीसरे की तलाश जारी
बांदा, 08 नवंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कालिंजर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर बागै नदी में नहाने उतरे दो सगे भाइयों समेत तीन युवक गहरे पानी में समा गए। हादसे में सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि उनके मौसेरे भाई का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। उसकी तलाश में ग्रामीण और पुलिस की टीमें जुटी रहीं।
नौगवां गांव निवासी रिषभ उर्फ रीशू (19) रविवार को अपने छोटे भाई अंश (16) और अतर्रा क्षेत्र के गोखिया गांव निवासी मौसेरे भाई आयुष उर्फ आशू (20) के साथ बागै नदी के सीमन घाट पर नहाने पहुंचा था। दोपहर करीब तीन बजे तीनों नदी में उतरकर नहाने लगे। इसी दौरान रिषभ अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अंश और आयुष भी गहरे पानी में उतर गए। देखते ही देखते तीनों नदी की तेज गहराई में लापता हो गए।
घाट के पास बने मंदिर में पूजा कर रहे गांव के अशोक विश्वकर्मा की नजर युवकों पर पड़ी। उन्होंने उन्हें डूबते देख शोर मचाया और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए। सूचना पर कालिंजर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और स्थानीय तैराकों ने नाव की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद रिषभ और अंश को बाहर निकाला गया। पुलिस दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी ले गई, जहां चिकित्सक डॉ. रामशरण कुशवाहा ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। दो बेटों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
थानाध्यक्ष दारा सिंह ने बताया कि नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

