बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय का प्रतीक : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय का प्रतीक : प्रकाश पाल


कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर जी का जीवन संघर्ष, समानता और न्याय का प्रतीक है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणादायक रहेगा। यह बातें मंगलवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर किदवई नगर विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में एक भव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।

जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि कार्यक्रम में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही उनके द्वारा रचित भारतीय संविधान और सामाजिक समरसता के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करते रहें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि यह दिन सामाजिक समरसता, समानता और संविधान के प्रति कर्तव्यों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रघुनंदन सिंह भदोरिया, के.के. सचान, भूपेंद्र त्रिपाठी एवं जयप्रकाश कुशवाहा उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story