बाबा साहब आम्बेडकर भारत ही नहीं, दुनिया के आदर्श पुरुष : ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
बाबा साहब आम्बेडकर भारत ही नहीं, दुनिया के आदर्श पुरुष : ब्रजेश पाठक


लखनऊ,23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर ऐसे महापुरुष हैं जिनको भारत ही नहीं पूरी दुनिया में विश्व रत्न के रूप में जाना जाता है। आज भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लोग बाबा साहेब डॉक्टर आम्बेडकर की विद्वता का लोहा मानते हैं। बाबा साहब ने भारत को संविधान दिया है, वह अतुलनीय है। इस तरह का संविधान दुनिया के किसी देश में नहीं है। उप मुख्यमंत्री गुरूवार को लोकभवन के सभागार में आयोजित बाबा साहब की जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि डॉक्टर अम्बेडकर ने गंभीर समस्याओं का सामना करते हुए जो स्थान हासिल किया। वह भारत में इस तरह का प्रतिभावान बाबा साहब डॉक्टर अम्बेडकर को छोड़कर ऐसा स्थान अन्य को प्राप्त नहीं हुआ है। बाबा साहब डॉक्टर अम्बेडकर दलित समाज ही नहीं बल्कि पूरे देश के शोषित वंचित खासकर नारी समाज के बारे में उन्होंने सम्मान और बराबरी का स्थान देने का प्रयास किया, वह आज देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। बाबा साहब ने देश की आधी आबादी, नारी समाज को प्रतिनिधित्व अधिकार देने का प्रयास किया था, वह आज इस ऑडिटोरियम में देखने को मिल रहा है। हमारी बहनों ने कलम की ताकत से लेकर आसमान की उड़ान तक मुकाम हासिल की है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि मैं दलित समाज से संबंध रखता हूं। बाबा साहब डॉक्टर अम्बेडकर के संघर्ष और बलिदान को भलीभांति समझ सकता हूं। आज बाबा साहब डॉक्टर अम्बेडकर की प्रेरणा से ही मैं दो बार से विधायक और मंत्री के रूप में आप लोगों के सामने उपस्थित हूं और समाज में शोषित, वंचित समाज के लोग, जो आज यहां उपस्थित है, उसमें बाबा साहब का सबसे बड़ा योगदान रहा है। बाबा साहब डॉक्टर अम्बेडकर ने खासकर के हमारी माताओं, बहनों के अधिकार और सम्मान के लिए उन्होंने लड़ाई लड़ी थी, वह आज अतुलनीय है।

जयंती समारोह की अध्यक्षता कर रहे सचिवालय संघ के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक अर्जुन देव भारती ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉक्टर अम्बेडकर असीम यातनाएं सहते हुए देश को ऐसी व्यवस्था और संविधान दे गए जिसका भारत देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया लोहा मानती है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप मंजू लता सिंह, विशेष सचिव, उत्तर प्रदेश सचिवालय समिति के अध्यक्ष बी०पी नागेश, धर्मेंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सचिवालय संघ पूरन लाल, विपुल पांडे, मनोज कुमार ब्रह्मचारी, संतोष कुमार साव, तनुजा श्रीवास्तव आदि ने अपने विचार रखे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story