बाबा नीम करोली धाम उत्तर प्रदेश का तेरहवां पर्यटन सर्किट बनेगा : पर्यटन मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
बाबा नीम करोली धाम उत्तर प्रदेश का तेरहवां पर्यटन सर्किट बनेगा : पर्यटन मंत्री


फर्रुखाबाद , 14 जून (हि.स.)। केंद्र में माेदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सरकार की उपलब्धियां गिनाई गई। इस माैके पर पर्यटन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री फर्रुखाबाद जयवीर सिंह ने कहा कि देश प्रदेश की सरकारें जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि बाबा नीम करोली धाम को उत्तर प्रदेश का तेरहवां पर्यटन सर्किट बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और फर्रुखाबाद को इस धार्मिक पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाएगा, साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा इन स्थानों को जोड़ने के लिए बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी ।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रेस वार्ता कर विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी । इस माैके पर पांचाल घाट गंगा पुल की दुर्दशा को लेकर पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि गंगा पुल की मरम्मत जल्द ही गुणवत्ता के साथ कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि नए पुल के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे शीघ्र ही गंगा नदी पर नए पुल के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो सकेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक सुशील कुमार शाक्य, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story