लखनऊ : मानदेय विसंगति पर आयुष चिकित्सकों ने जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ : मानदेय विसंगति पर आयुष चिकित्सकों ने जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन


लखनऊ, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रदेशभर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत लगभग 4,000 आयुष चिकित्सकों ने मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में

जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री काे संबाेधित ज्ञापन सौंपकर वर्षों से चली आ रही मानदेय एवं वेतन विसंगति को तत्काल दूर करने की मांग की।

प्रदेशभर में एक साथ हुए इस कार्यक्रम ने सरकार के सामने आयुष चिकित्सकों की लंबित मांग को एक बार फिर मजबूती से रखा है। चिकित्सकों का कहना है कि वह वर्षों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन मानदेय के मामले में लगातार उपेक्षा और असमानता का सामना करना पड़ रहा है।

आयुष चिकित्सकों ने सरकार से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उनकी मांग किसी विशेष लाभ की नहीं, बल्कि न्यायसंगत एवं सम्मानजनक मानदेय की है। वर्षों तक स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले चिकित्सकों के साथ मानदेय में बनी विसंगति को अब और लंबा खींचना उचित नहीं है। चिकित्सकों ने सरकार से आग्रह किया है कि 20 सितंबर 2026 तक मानदेय विसंगति दूर करने की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

आयुष डाॅक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव डा. अनिल गुप्ता ने कहा कि यदि 20 सितंबर 2026 तक उनकी मानदेय/वेतन विसंगति के समाधान को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो प्रदेशभर के आयुष चिकित्सक 21 सितंबर 2026 को धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story