दीपोत्सव से अयोध्या के होमस्टे कारोबार को मिली नई रफ्तार, संचालकों की बढ़ी कमाई

WhatsApp Channel Join Now
  • सात दिनों में 15 लाख पर्यटक पहुंचे रामनगरी, 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
  • दीपोत्सव के दौरान सौ फीसदी बुक रहे होमस्टे, स्थानीय परिवारों को मिला रोजगार का अवसर
  • पर्यटन से संवर रही स्थानीय परिवारों की आजीविका, होमस्टे बन रहे कमाई का जरिया: जयवीर सिंह

लखनऊ/अयोध्या। अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की भव्यता ने इस बार पर्यटन कारोबार को भी नई ऊंचाई दी। 36 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी और 2100 ड्रोन्स का भव्य शो देखने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचे। श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद का असर शहर के होटल और होमस्टे कारोबार पर भी दिखाई दिया। खास बात यह रही कि पर्यटकों ने होटलों के साथ-साथ स्थानीय परिवारों की ओर से संचालित होमस्टे में भी ठहरने को प्राथमिकता दी। इससे होमस्टे संचालकों की कमाई बढ़ी और कई परिवारों को अपने ही शहर में रोजगार के नए अवसर मिले।

दीपोत्सव के दौरान एक से सात नवंबर तक अयोध्या में करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में आठ लाख से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ था। वहीं, रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पिछले वर्ष के पांच लाख से बढ़कर इस बार करीब 10 लाख हो गई। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय कारोबार को भी अच्छा लाभ मिला। होमस्टे संचालकों के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान उनके यहां कमरों की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले काफी अधिक रही। कई पर्यटकों ने एक-दो दिन के बजाय अधिक समय तक रुकना पसंद किया।

श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में कारोबार में करीब 120 से 130 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उनके यहां सभी कमरे बुक रहे। महाराष्ट्र से आए कई पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया। घर का बना खाना, पारिवारिक माहौल और हनुमानगढ़ी के लड्डू मेहमानों को खूब पसंद आए। उन्होंने बताया कि पर्यटकों को श्रीराम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, गुप्तार घाट और सरयू आरती के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रतिदिन 1000 से 1200 रुपये किराये पर कमरे उपलब्ध होने के कारण पर्यटकों को होमस्टे किफायती विकल्प लगा।

कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां रोजाना कमरे भरे रहे। परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों ने बाहर के खाने के बजाय घर में तैयार ताजा भोजन पसंद किया। छोटे बच्चों के लिए हल्का भोजन और गर्म पानी जैसी सुविधाओं से मेहमानों को काफी सहूलियत मिली। कई पर्यटकों ने यहां के माहौल की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें अपने किसी रिश्तेदार के घर ठहरने जैसा अनुभव हुआ।

श्री शिवाय होमस्टे के संचालक प्रवीण मिश्रा के मुताबिक, दीपोत्सव के दौरान उनके यहां कमरों की मांग इतनी अधिक रही कि शत-प्रतिशत बुकिंग के बाद भी पर्यटकों का आना बंद नहीं हुआ। गुजरात समेत कई राज्यों से आए पर्यटकों ने घरेलू माहौल और आतिथ्य की सराहना की। प्रवीण ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान मिले अच्छे कारोबार से परिवार की आमदनी बढ़ी है और होमस्टे उनके लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बनकर उभरा है।

होमस्टे कारोबार से महिलाओं को भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे। कई मेहमानों ने अपना ठहराव भी बढ़ाया। उन्होंने पर्यटकों का स्वागत अयोध्या के प्रसिद्ध खुर्चन पेड़े से किया। पूनम ने बताया कि उनके परिवार के लिए इस कारोबार का सबसे बड़ा फायदा यह रहा कि उनके बेटे ने राजस्थान के एक बड़े शहर में नौकरी का प्रस्ताव मिलने के बावजूद अयोध्या में ही रहकर परिवार के कारोबार से जुड़ने का फैसला किया। अब इस कारोबार में दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है।

द रामा जंक्शन (बीएंडबी) की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि उनके पति के सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद होमस्टे परिवार की आय का महत्वपूर्ण जरिया बना है। दीपोत्सव के दौरान उनके यहां सभी कमरे बुक रहे। केरल और तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने यहां ठहराव किया। उन्होंने बताया कि इस कारोबार से उनके पति को सेवानिवृत्ति के बाद भी सक्रिय रहने का अवसर मिला है और परिवार की आमदनी में भी सहयोग मिल रहा है।

रोजगार का माध्यम बन रहा दीपोत्सव
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी बन रहा है। अयोध्या में होमस्टे के प्रति पर्यटकों का बढ़ता रुझान बताता है कि पर्यटन का लाभ अब स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है। इससे लोगों को अपने घरों में ही पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने और दूसरों को रोजगार देने का अवसर मिल रहा है।

पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या में होमस्टे तेजी से पर्यटन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहे हैं। इनके जरिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान और रहन-सहन को करीब से जानने का अवसर मिलता है। वहीं, स्थानीय परिवारों को पर्यटन गतिविधियों से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने और रोजगार के अवसर पैदा करने का मौका मिल रहा है।

अयोध्या में होमस्टे कारोबार का बढ़ता दायरा पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था में आ रहे बदलाव को भी दर्शाता है। दीपोत्सव के दौरान मिले कारोबार ने स्थानीय परिवारों को न केवल अतिरिक्त आमदनी दी, बल्कि युवाओं और महिलाओं के लिए अपने ही शहर में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ाई हैं।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23577 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story